उज्जैन,23 अक्टूबर। शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय, उज्जैन के तत्वावधान में उच्च शिक्षा विभाग की दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नानाखेड़ा स्थित राजमाता सिंधिया स्टेडियम में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। 23 एवं 24 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की 12 टीमों सहित अनेक महिला खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री वैभव यादव तथा उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. कविता मंगलम, क्रीड़ा अधिकारी श्री धनेंद्र चौधरी, सचिव श्री प्रभात सिरस्ट, श्री अश्विन शर्मा, श्री विशाल शर्मा एवं श्री दिनेश जाटवा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने पुष्पमालाओं एवं प्रतीक चिह्नों से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।शुभारंभ समारोह में महाविद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आई महिला खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर खेल भावना, अनुशासन और एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात प्रतियोगिता के मुकाबले प्रारम्भ हुए। भोपाल, ग्वालियर, सागर, जबलपुर, खरगोन, छिंदवाड़ा, गुना, उज्जैन, रीवा, इंदौर, छतरपुर एवं शहडोल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं।मुख्य अतिथि विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा ने महिला खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बेटियों को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बेटियों के खेल एवं विकास को प्रोत्साहन देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया तथा राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने छात्राओं की योग एवं नृत्य प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत की कल्पना को साकार करने में खेल मैदानों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। खेल हमें अनुशासन, समय प्रबंधन, टीम भावना और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास की सीख देते हैं।उज्जैन बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री वैभव यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही स्वाभाविक हैं, लेकिन खिलाड़ियों को निरंतर परिश्रम, अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने उत्कृष्ट आयोजन के लिए आयोजक महाविद्यालय को बधाई दी।उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने, अपनी क्षमता पहचानने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती हैं।अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने कहा—खेल महिला सशक्तिकरण और आत्मविश्वास का उत्सव हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले उच्च शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, खेल संगठनों, अतिथियों तथा महाविद्यालय की आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन महिला खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, प्रेरणा और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा अधिकारी श्री धनेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न संभागों के क्रीड़ा अधिकारी, व्यवस्थापक, प्रशिक्षक एवं निर्णायक मंडल सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. कविता मंगलम ने किया तथा आभार क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अंजना जायसवाल ने व्यक्त किया।दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों को लेकर खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह है।