दीपावली पर पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित, लाइसेंसी पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित किया गया स्थल

निवाड़ी में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के सामने ग्राउंड में लगेंगी पटाखा दुकानें, सभी दुकानों में टीन शेड अनिवार्य; कार्बाइड गन के उपयोग एवं बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश

दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी के सुरक्षित विक्रय एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई तथा पटाखों के विक्रय, भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निवाड़ी नगर में लाइसेंसी पटाखा दुकानों के व्यवस्थित संचालन के लिए स्थल निर्धारित किया गया है। इसके तहत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के सामने स्थित ग्राउंड में लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं की दुकानें लगाई जाएंगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी दुकानें निर्धारित स्थल पर ही लगाई जाएं तथा दुकानों की व्यवस्था शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

सभी पटाखा दुकानें टीन शेड में ही लगाई जाएं

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी लाइसेंसी दुकानदार अपनी दुकानें टीन शेड में ही लगाएं। दुकानों के लिए कपड़े अथवा टेंट का उपयोग नहीं किया जाए।

उन्होंने कहा कि कपड़े के टेंट में पटाखों का विक्रय करने से आग लगने अथवा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी दुकानें टीन शेड में ही स्थापित की जाएं। दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

कार्बाइड गन के उपयोग एवं बिक्री पर प्रतिबंध के निर्देश

बैठक में कार्बाइड गन के उपयोग एवं बिक्री को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्बाइड गन के उपयोग और बिक्री पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जिले में आवश्यक निगरानी एवं कार्यवाही की जाए तथा प्रतिबंध के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की असुरक्षित गतिविधि से आमजन की सुरक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। कार्बाइड गन के उपयोग से होने वाले संभावित खतरों को देखते हुए इसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

निर्धारित स्थल पर ही होगा पटाखों का विक्रय

बैठक में निर्देशित किया गया कि निवाड़ी नगर के सभी लाइसेंसी पटाखा विक्रेता निर्धारित ग्राउंड में ही दुकानें स्थापित करें। दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए तथा दुकान के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए एवं सतत् निगरानी सुनिश्चित करें।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दुकान लगाने की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई जाए। पटाखों के भंडारण एवं विक्रय में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाए।

आतिशबाजी के सुरक्षित उपयोग एवं नियमों के पालन पर जोर

बैठक में मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग से संबंधित सुरक्षा प्रावधानों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लाइसेंसधारी दुकानदार निर्धारित नियमों के अनुसार ही पटाखों का विक्रय करें।

इसके साथ ही ध्वनि एवं प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों, आतिशबाजी के उपयोग के समय तथा प्रतिबंधित पटाखों के संबंध में जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों की व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्धारित स्थल पर दुकानों का व्यवस्थित संचालन, टीन शेड की अनिवार्यता तथा कार्बाइड गन पर प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का प्रभावी पालन कराया जाए।

जिला प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं पटाखों के सुरक्षित विक्रय को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद, एसडीओपी निवाड़ी श्री केके पाण्डे, संबंधित अधिकारी एवं दुकानों के संचालक उपस्थित रहे।