कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जिले में धान की पराली के प्रबंधन हेतु विभिन्न कारगर उपाय किये जा रहे है तथा जागरूक किसान भी पराली प्रबंधन में सहयोग प्रदान कर रहे है। उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह ने बताया कि ग्राम प्रेमसर के किसान श्री कमलेश मीणा द्वारा धान की कटाई उपरांत बेलर द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन किया गया एवं इसके उपरांत खेत तैयार करने के लिए डिस्क हैरो का प्रयोग किया गया है।
इसी प्रकार ग्राम जानपुरा के किसान श्री हरचरण सिंह द्वारा अपनी 15 बीघा कृषि भूमि पर सुपर सीडर के माध्यम से पराली प्रबंधन करते हुए फसल बुवाई की गई है। धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण और मृदा के उपजाऊपन को नुकसान से बचाने के लिए यह तकनीक बेहद कारगर साबित हो रही है। सुपर सीडर के माध्यम से धान के अवशेषों को बिना जलाए ही मिट्टी में मिला दिया जाता है और साथ-साथ गेहूं या अन्य रबी फसलों की बुआई भी हो जाती है। इस दौरान सहायक कृषि यंत्री श्री नवीन कुमार द्वारा भी किसानो से चर्चा कर पराली प्रबंधन के इस कार्य को प्रोत्साहित किया गया।



