कृषि फसलों के अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा कंबाइन हार्वेस्टर में लगने वाले स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) यंत्र पर अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए किसान 19 नवंबर तक ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों में से 20 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में वर्ष 2026-27 में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल

के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। शासन की योजना के अंतर्गत एसएमएस यंत्र की खरीदी पर लगभग 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम राशि 59 हजार 700 रुपये निर्धारित है। आवेदन के साथ किसानों को 3,500 रुपये की धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) सहायक कृषि यंत्री, श्योपुर के नाम से बनवाकर जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर उपलब्ध विज्ञापन देख सकते हैं अथवा सहायक कृषि यंत्री कार्यालय श्योपुर एवं जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07530-222631 पर संपर्क कर सकते हैं। उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल, एमपी ऑनलाइन अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं।