जिले में पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा किसानों को पराली जलाने से रोकने के लिए कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के साथ ही इसके लिए आवश्यक संसाधनों एवं आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जा रही है। कलेक्टर श्री सिसोनिया स्वयं खेतों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा कर रहे हैं तथा उन्हें पराली के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने गत दिवस ग्राम पैमत एवं चांदना पहुंचकर पराली एग्रीगेटर्स तथा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ पराली प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में उपयोग किए जा रहे हार्वेस्टर, स्लाइसर, रेकर एवं बेलर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का जायजा लिया और इनके माध्यम से पराली प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया स्वयं ट्रैक्टर पर सवार हुए और खेत में पराली प्रबंधन की प्रक्रिया एवं उपकरणों के कार्य को करीब से देखा। उन्होंने पराली एग्रीगेटर्स एवं संबंधित अधिकारियों से उपकरणों की उपलब्धता और कार्यप्रणाली के संबंध में चर्चा की। जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को पराली प्रबंधन के लिए जागरूक करने के साथ ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन हो सके और पराली जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को रोका जा सके।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास
ट्रैक्टर पर सवार होकर कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने स्वयं देखा पराली प्रबंधन का कार्य, आधुनिक कृषि यंत्रों का लिया जायजा

रायसेन · 16 नवंबर 2026 · 2 मिनट
खास बातें
- किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के साथ ही इसके लिए आवश्यक संसाधनों एवं आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जा रही है।
- कलेक्टर श्री सिसोनिया स्वयं खेतों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा कर रहे हैं तथा उन्हें पराली के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
- निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया स्वयं ट्रैक्टर पर सवार हुए और खेत में पराली प्रबंधन की प्रक्रिया एवं उपकरणों के कार्य को करीब से देखा।






