मंडला जिले के विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम मीरा टोला निवासी वन पट्टाधारी कृषक श्री पूरन उईके एवं उनकी पत्नी श्रीमती अमरवती उईके सीमित कृषि भूमि में खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पास मात्र 0.40 एकड़ कृषि भूमि है। सीमित संसाधनों के कारण खेती से बेहतर उत्पादन प्राप्त करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था।
कृषक दंपति लंबे समय से परंपरागत तरीके से खेती कर रहे थे। मिट्टी की उर्वरता में कमी, उत्पादन में अपेक्षित वृद्धि नहीं होना तथा रासायनिक उर्वरकों पर बढ़ता खर्च उनकी प्रमुख समस्याएं थीं। ऐसे समय में मिट्टी परीक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड उनके लिए खेती में सुधार की नई दिशा लेकर आया।
कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारी श्री अनिल मुणिया एवं आत्मा योजना के बी.टी.एम. श्री मोहित गोल्हानी द्वारा कृषक दंपति को मिट्टी परीक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। कृषक ने अपने खेत की मिट्टी का नमूना परीक्षण के लिए दिया। परीक्षण के बाद प्राप्त मृदा स्वास्थ्य कार्ड से उन्हें मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की स्थिति तथा आवश्यक पोषक तत्वों के प्रबंधन की जानकारी मिली।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड से मिली जानकारी के आधार पर कृषक दंपति ने खेती में संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक खाद एवं प्राकृतिक कृषि आदानों के उपयोग की दिशा में कदम बढ़ाए। कृषि विभाग द्वारा उन्हें जीवामृत, बीजामृत एवं नीमास्त्र जैसे प्राकृतिक आदानों के निर्माण एवं उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही मिट्टी में जैविक पदार्थ बढ़ाने, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं आत्मा योजना की उप परियोजना संचालक सुश्री अंजू कोडापे के मार्गदर्शन में जिले में किसानों को प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में पूरन उईके एवं अमरवती उईके ने भी अपनी सीमित कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती के घटकों को अपनाने की पहल की है।
कृषक दंपति बताते हैं कि पहले वे बिना मिट्टी की जांच कराए ही खेती करते थे, लेकिन मृदा स्वास्थ्य कार्ड से उन्हें अपनी मिट्टी की वास्तविक स्थिति और उसकी आवश्यकता को समझने में मदद मिली। अब वे मिट्टी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खेती करने तथा प्राकृतिक कृषि आदानों के उपयोग की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
“ पहले हम बिना मिट्टी की जांच कराए ही खेती करते थे। मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड से हमें अपनी मिट्टी की स्थिति और उसकी जरूरतों की जानकारी मिली। कृषि विभाग के मार्गदर्शन से अब हम संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन और प्राकृतिक कृषि आदानों का उपयोग करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमारा मानना है कि अच्छी खेती के लिए सबसे पहले मिट्टी को समझना जरूरी है। ”
श्री पूरन उईके एवं श्रीमती अमरवती उईके की कहानी यह संदेश देती है कि सीमित भूमि और संसाधनों के बावजूद वैज्ञानिक मार्गदर्शन, मृदा परीक्षण एवं प्राकृतिक खेती को अपनाकर किसान अपनी खेती को अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।





