नरवाई जलाने की समस्या को रोकने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एस.एम.एस.) यंत्र पर अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए किसान एवं हार्वेस्टर मालिक 13 से 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एस.एम.एस. कम्बाइन हार्वेस्टर के पीछे लगाया जाने वाला यंत्र है। यह फसल अवशेष (नरवाई) को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत में समान रूप से फैला देता है। इससे नरवाई जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और सुपर सीडर की मदद से खेत में आसानी से बुवाई की जा सकती है।
शासन द्वारा एस.एम.एस. यंत्र पर 47 हजार 800 से 59 हजार 700 रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। इच्छुक आवेदक 13 से 19 नवंबर 2026 तक विभागीय पोर्टल dbt.mpdage.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों का चयन 20 नवंबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा सभी हार्वेस्टर मालिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक एस.एम.एस. युक्त हार्वेस्टर का उपयोग करें, ताकि नरवाई जलाने पर रोक लगे और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग मिल सके।





