कृषि एवं मृदा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें खेती की वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से 16 नवम्बर को विकासखंड कटंगी के ग्राम जराहमोहगांव स्थित पीएम श्री शासकीय विद्यालय में मिट्टी परीक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिट्टी का नमूना एकत्र करने की वैज्ञानिक विधि, मिट्टी परीक्षण की आवश्यकता और मृदा स्वास्थ्य कार्ड की उपयोगिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि अधिकारी सुश्री स्वाती गजभिए एवं कृषि शिक्षा विभाग के श्री खिलेश बिसेन ने विद्यार्थियों को मिट्टी का नमूना लेने की व्यावहारिक प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि फसल उत्पादन में मिट्टी की गुणवत्ता और उसमें उपलब्ध पोषक तत्वों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मिट्टी में नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश सहित अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की उपलब्धता के आधार पर ही फसलों की अच्छी वृद्धि और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है।अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि मिट्टी परीक्षण के लिए खेत के अलग-अलग स्थानों से निर्धारित गहराई पर नमूने एकत्र करना चाहिए। नमूना लेते समय खेत की मेड़, पेड़ों के नीचे, खाद के ढेर, पानी जमा होने वाले स्थान तथा अन्य असामान्य जगहों से मिट्टी लेने से बचना चाहिए। अलग-अलग स्थानों से प्राप्त मिट्टी को अच्छी तरह मिलाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नमूना तैयार किया जाता है, ताकि परीक्षण के परिणाम खेत की वास्तविक मिट्टी की स्थिति को दर्शा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर फसलों के लिए आवश्यक उर्वरकों की मात्रा निर्धारित करने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों को खेत की मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की स्थिति बताने के साथ-साथ आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करता है।
इससे किसान बिना आवश्यकता के उर्वरकों का उपयोग करने से बच सकते हैं और खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन एवं मिट्टी की उर्वरता बनाए रख सकते हैं।अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कृषि में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और अपने परिवार एवं आसपास के किसानों को भी मिट्टी परीक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि की प्रारंभिक वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को समझने तथा मृदा संरक्षण के महत्व से जुड़ने का अवसर मिला।







