मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना' के अंतर्गत आज रायसेन जिले के श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा का शुभारंभ हुआ। जिले के 111 चयनित तीर्थ यात्रियों का दल जैन तीर्थ स्थल श्रवणबेलगोला (कर्नाटक) की वंदना के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। यह तीर्थ यात्रा 24 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस पावन यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व भोपाल रेलवे स्टेशन पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह ने तीर्थ यात्रियों का फूल-माला पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों को यात्रा किट और शुभकामनाएं भेंट करते हुए उनके सुखद, सुरक्षित और मंगलमय सफर की कामना की। इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों के जीवन में धार्मिक और आध्यात्मिक खुशहाली लाने का एक अद्भुत प्रयास है। रायसेन जिले के श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के इस ऐतिहासिक और पवित्र जैन तीर्थ स्थल के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है, जो पूरे जिले के लिए हर्ष का विषय है। भोपाल रेलवे स्टेशन से जैसे ही ट्रेन रवाना हुई, पूरा स्टेशन परिसर तीर्थ यात्रियों के जयकारों और भजनों से गूंज उठा। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और सहायता के लिए ट्रेन में विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि बुजुर्ग यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण
रायसेन जिले के 111 श्रद्धालु जैन तीर्थ श्रवणबेलगोला के लिए रवाना विधायक डॉ चौधरी और जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

रायसेन · 24 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट
खास बातें
- जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों को यात्रा किट और शुभकामनाएं भेंट करते हुए उनके सुखद, सुरक्षित और मंगलमय सफर की कामना की।
- रायसेन जिले के श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के इस ऐतिहासिक और पवित्र जैन तीर्थ स्थल के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है, जो पूरे जिले के लिए हर्ष का विषय है।
- भोपाल रेलवे स्टेशन से जैसे ही ट्रेन रवाना हुई, पूरा स्टेशन परिसर तीर्थ यात्रियों के जयकारों और भजनों से गूंज उठा।






