रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर जिले के किसानों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे फसलों में पोषक तत्वों की आवश्यकता पूरी करने के लिए पारंपरिक डीएपी (डाई-अमोनियम फॉस्फेट) के विकल्पों की जानकारी प्राप्त करें तथा नैनो डीएपी एवं टीएसपी (ट्रिपल सुपर फॉस्फेट) का उचित उपयोग करें। इन विकल्पों को अपनाकर फसलों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिल सकती है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की प्रकृति, मिट्टी की स्थिति एवं कृषि विशेषज्ञों की अनुशंसा के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करें। इसके लिए दो प्रमुख विकल्प बताए गए हैं।
रबी फसलों की बुवाई से पहले नैनो डीएपी से बीज उपचार करना एक उपयोगी विकल्प है। इसके लिए फसलवार निर्धारित मात्रा का पालन करना आवश्यक है।- गेहूं: प्रति किलोग्राम बीज पर 5 से 10 मिलीलीटर नैनो डीएपी।दलहनी एवं तिलहनी फसलें: प्रति किलोग्राम बीज पर 5 मिलीलीटर नैनो डीएपी।
नैनो डीएपी से बीज उपचार करने पर पौधों की प्रारंभिक वृद्धि एवं पोषक तत्वों के उपयोग में सहायता मिल सकती है। इसके उपयोग से पारंपरिक फॉस्फेटिक उर्वरकों की अनुशंसित मात्रा में 50 प्रतिशत तक कमी की जा सकती है। किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि बीज एवं मिट्टी जनित रोगों से फसल की सुरक्षा के लिए अनुशंसित फफूंदनाशक से भी बीज उपचार अवश्य करें।
TSP एवं यूरिया का संयोजन भी DAP का विकल्प
डीएपी की उपलब्धता पर निर्भर रहने के स्थान पर किसान टीएसपी एवं यूरिया का संयोजन भी अपना सकते हैं। टीएसपी से फसल को फॉस्फोरस तथा यूरिया से नाइट्रोजन की पूर्ति होती है। इसके लिए एक बोरी यानी 50 किलोग्राम टीएसपी के साथ 20 किलोग्राम यूरिया का उपयोग किया जा सकता है। यह संयोजन पोषक तत्वों की दृष्टि से डीएपी के समतुल्य विकल्प के रूप में बताया गया है।
मृदा परीक्षण के आधार पर करें उर्वरकों का उपयोग
जिले के किसानों से आग्रह किया गया है कि वे उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की वास्तविक आवश्यकता एवं फसल की पोषण संबंधी जरूरतों के अनुरूप ही करें। उर्वरकों की मात्रा में अनावश्यक वृद्धि से बचें तथा मृदा परीक्षण के परिणामों और कृषि विशेषज्ञों की सलाह को प्राथमिकता दें।
संतुलित उर्वरक प्रबंधन से मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने के साथ फसल उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलती है। किसानों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, उपलब्ध उर्वरक विकल्पों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा टिकाऊ कृषि व्यवस्था को बढ़ावा देने की अपील की गई है।





