मध्यप्रदेश शासन की स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनके आवासीय संपत्तियों का वैध स्वामित्व अधिकार प्राप्त हो रहा है। ऐसी ही एक कहानी विदिशा जिले की ग्राम पंचायत महू निवासी श्री शहजाद खान की है, जिन्हें इस योजना का लाभ मिला है।
श्री शहजाद खान बताते हैं कि स्वामित्व योजना के तहत उनके मकान की रजिस्ट्री संपन्न हुई है। पहले उनके पास मकान के स्वामित्व संबंधी कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं थे, लेकिन अब शासन द्वारा प्रदत्त दस्तावेज मिलने से उनके घर का आधिकारिक स्वामित्व सुनिश्चित हो गया है। उन्होंने कहा कि अब वह अपने मकान के दस्तावेजों के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर बैंक से ऋण भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक गतिविधियों को नया आधार मिलेगा और भविष्य की योजनाओं को साकार करने में सहायता मिलेगी।
श्री शहजाद खान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना ने उन्हें अपने घर का वास्तविक मालिक होने का अधिकार दिया है। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए मध्यप्रदेश शासन और जिला प्रशासन विदिशा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से ग्रामीणों का जीवन अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है।





