खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकास खंड पाटन के ग्राम कंतोरा में आत्मा परियोजना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से किसानों को बीजामृत द्वारा आलू के बीज उपचार की विधि बताई गई।

इस दौरान किसानों को बताया गया कि बीजामृत एक प्राकृतिक जैविक घोल है, जिसका उपयोग बीजों के उपचार के लिए किया जाता है। इससे बीजों को प्रारंभिक अवस्था में सुरक्षा प्रदान करने तथा स्वस्थ अंकुरण को प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है।

परियोजना संचालक आत्मा डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने कार्यक्रम में किसानों को मृदा परीक्षण का महत्व बताया। उन्होंने बताया कि खेत की मिट्टी का नमूना लेकर परीक्षण कराने से मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों, पीएच मान एवं उर्वरता की स्थिति की जानकारी प्राप्त होती है। मृदा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर फसल की आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों का प्रबंधन किया जा सकता है।

परियोजना संचालक ने ग्राम कंतोरा, मादा एवं कोनीकला स्थित बीआरसी का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान डॉ त्रिपाठी ने बीआरसी में तैयार किए जा रहे जीवामृत, घनजीवामृत, दसपर्णी अर्क, नीमस्त्र, गोबर की खाद, केंचुआ खाद के निर्माण, उपयोग और किसानों को इनके वितरण की जानकारी ली।