मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी विकासखंड जबलपुर की ग्राम पंचायत हुल्की के ग्राम छपरा की बीमा सखी श्रीमती शिववती आर्मो ने अपनी मेहनत और लगन से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 116 बीमा पॉलिसियां पूर्ण कर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की ओर से पुरस्कार स्वरूप एक्टिवा प्राप्त की है।
शिववती आर्मो गुलाब स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं और श्री शक्ति सीएलएफ के अंतर्गत जबलपुर विकासखंड में कार्यरत हैं। उन्होंने ग्रामीण परिवारों को बीमा के महत्व और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 116 पॉलिसियां पूरी कीं। उनकी इस उपलब्धि ने साबित किया है कि ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक जागरूकता और वित्तीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
शिववती की सफलता से उनके समूह, ग्राम और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। बीमा के माध्यम से परिवारों को आर्थिक सुरक्षा से जोड़ने का उनका प्रयास महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल बन गया है।






