श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स 17 वर्ष बालक प्रतियोगिता का 16 नवंबर को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। 12 नवंबर से प्रारंभ हुई इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं संस्थाओं से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सहभागिता की।
समापन समारोह में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने सहभागिता करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और उनके प्रशिक्षकों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का भी विकास होता है। खेल हमें चुनौतियों का सामना करने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ऊंची कूद स्पर्धा में तमिलनाडु के साक्थिवेल वी.एन. ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के उज्ज्वल विजय खिराले ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा केरल के मोहम्मद रबीह ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में तमिलनाडु के निखिल धरशन आर. ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, केरल के अर्चित एस. नायर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा तमिलनाडु के पविन कुमार एस. ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के मो. समीर खान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, झारखंड के सुभाष ओरांव ने द्वितीय स्थान प्राप्त रजत पदक तथा उत्तर प्रदेश के विनय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। हैमर थ्रो स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के सुधीर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, विद्या भारती के अंकुर पटेल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा राजस्थान के दीपांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 4×100 मीटर रिले दौड़ में उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, तमिलनाडु की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा केरल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किए।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने शिवपुरी को राष्ट्रीय खेल गतिविधियों के मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण पहचान दिलाई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को यादगार बनाया।





