जिले में इस वर्ष कम वर्षा एवं सीमित नमी की स्थिति को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की बोनी के समय ऐसी उन्नत किस्मों का चयन करने की सलाह दी गई है, जो कम पानी और नमी की स्थिति में भी बेहतर उत्पादन देने में सक्षम हैं। कृषि विभाग द्वारा चना, सरसों, अलसी एवं मसूर की उपयुक्त किस्मों के चयन की सलाह दी गई है।चना: सीमित सिंचाई एवं कम पानी की स्थिति में JG 36, JG 52, JG 24, RBG 202, RBG 203, RBG 204 एवं BG 3062 किस्मों का चयन किया जा सकता है। वहीं, बोनी में देरी होने की स्थिति में JG 14 किस्म की बोनी की सलाह दी गई है।सरसों: कम बारिश एवं सीमित नमी को देखते हुए RH-761, RH-725, पूसा तारक, पूसा बोल्ड एवं RH-0749 जैसी उन्नत किस्मों का चयन किसानों के लिए उपयोगी रहेगा।अलसी (तीसी): कम नमी एवं बारानी क्षेत्र के लिए JLS 66, JLS 67, JLS 73, JLS 79 एवं JLS 95 किस्मों का चयन करने की सलाह दी गई है।मसूर: कम नमी वाले क्षेत्रों में IPL 315, IPL 316, IPL 500-43 श्रृंखला एवं L-4717 (पूसा अगेती) किस्में उपयुक्त बताई गई हैं। इन किस्मों में कम अवधि में पकने, सूखा एवं रोग सहनशीलता जैसे गुण पाए जाते हैं।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि स्थानीय जल उपलब्धता, बोनी के समय तथा खेत की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रमाणित बीज का ही चयन करें और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन अपनाएं।