कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा योजना) के अंतर्गत विकासखंड घंसौर के ग्राम बगदरी में समूह क्षमता वर्धन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं रबी मौसम में कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती रहा।प्रशिक्षण के दौरान किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि नरवाई जलाने से मिट्टी में पाए जाने वाले लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा पर्यावरण प्रदूषित होता है। किसानों को नरवाई का उचित प्रबंधन करने, फसल अवशेषों को खेत में सड़ाकर खाद के रूप में उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।इसके साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, स्थानीय संसाधनों के उपयोग तथा कम लागत में टिकाऊ खेती करने के तरीकों की जानकारी प्रदान की गई। रबी मौसम में पानी की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए चना, मसूर, सरसों, कुसुम एवं सूरजमुखी जैसी कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही जल संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम के दौरान किसानों को नरवाई नहीं जलाने की शपथ दिलाई गई। किसानों ने संकल्प लिया कि वे अपने खेतों में नरवाई नहीं जलाएंगे, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करेंगे तथा अन्य किसानों को भी नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करेंगे।इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को नरवाई प्रबंधन एवं कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
खेती-किसानी
ग्राम बगदरी में नरवाई प्रबंधन एवं प्राकृतिक खेती पर समूह क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित
सिवनी · 23 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट
खास बातें
- बताया गया कि नरवाई जलाने से मिट्टी में पाए जाने वाले लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा पर्यावरण प्रदूषित होता है।
- प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को नरवाई प्रबंधन एवं कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया।



