किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, सिवनी के अंतर्गत परियोजना संचालक आत्मा द्वारा कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम आत्मा योजनांतर्गत विभिन्न श्रेणियों में सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए कृषकों का चयन किया जाना है। पुरस्कार के लिए वर्ष 2025-26 में रबी एवं खरीफ फसल के दौरान कृषकों द्वारा अपनाई गई उन्नत तकनीक, उपज एवं उत्पादकता सहित कृषि क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर कृषकों का चयन किया जाएगा।विकासखण्ड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए प्रत्येक विकासखण्ड से विभिन्न संकायों में चयनित पांच कृषकों को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए विभिन्न संकायों में चयनित 10 कृषकों को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार के लिए कृषि के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी एवं रेशम पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों का चयन किया जाएगा।इच्छुक कृषक पुरस्कार हेतु आवेदन पत्र अपने संबंधित विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, आत्मा के विकासखण्ड प्रौद्योगिकी प्रबंधक, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग अथवा कृषि अभियांत्रिकी विभाग से प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में आवेदन भरकर 31 अक्टूबर 2026 तक जमा कर सकते हैं। संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों को जिला स्तर पर चयन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।प्रदेश स्तर पर चयनित कृषकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अतः इच्छुक कृषक निर्धारित अंतिम तिथि के पूर्व आवेदन प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।