राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में हिंदी पखवाड़े का आयोजन 14 सितंबर से 28 सितंबर के बीच किया गया। पखवाड़े के समापन के दिवस महाविद्यालय के हिंदी विभाग, संगीत विभाग एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रयास से समापन समारोह एवं स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती का रंगारंग आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सामूहिक आयोजन में साहित्य और संगीत का संगम हुआ।
महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रेमचंद की कहानी ' शतरंज के खिलाड़ी ' का सुंदर ढंग से मंचन किया। वहीं संगीत विभाग की छात्राओं ने लता मंगेशकर के गाए विभिन्न गीतों की भारतीय परिधानों में प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर पखवाड़े भर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेताओं को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ॰ बी.डी. अहिरवार ने पुरस्कृत किया।
प्राचार्य महोदय ने ' शतरंज के खिलाड़ी ' की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का विशद विवेचन करते हुए अपने उद्बोधन में हिंदी और संगीत के इस संयुक्त आयोजन की सराहना की तथा ऐसे कार्यक्रमों को बड़े पैमाने पर करने के लिए प्रेरित-प्रोत्साहित किया। उन्होंने हिंदी के जनवादी स्वरूप पर प्रकाश डाला और कहा कि हिंदी जनता की वाणी है, जो कई भाषाओं का समुच्चय है। यही हिंदी की महानता है।
इसके साहित्य में जनता के सुख-दुख व्यक्त हुए हैं और इसके विकास में जनकल्याण निहित है। कार्यक्रम का संयोजन और संचालन प्रो. अस्मुरारी नंदन मिश्र और डॉ॰ रामू विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम में डॉ॰ संध्या जैन, डॉ॰ सीमा चक्रवर्ती, प्रो. किरण जैन, प्रो. सविता सोनी, डॉ॰ विनीता प्रजापति, प्रो. नीतू दांगी के साथ प्राध्यापक एवं स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा।



