मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में ग्रीनको ग्रुप द्वारा गांधीसागर पंप स्टोरेज हाइड्रो इलेक्ट्रिक परियोजना का निर्माण तेज गति से चल रहा है। यह परियोजना देश की अपनी तरह की सबसे बड़ी पंप स्टोरेज परियोजना मानी जा रही है। परियोजना की कुल क्षमता 1,920 मेगावाट / 10,326 मेगावाट घंटा भंडारण क्षमता है और इसकी अनुमानित लागत 11,500 करोड़ रुपये है। विकासकर्ता ग्रीनको एमपी 01 आईआरईपी प्राइवेट लिमिटेड (ग्रीनको ग्रुप) है। परियोजना का शिलान्यास 4 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम में किया गया था और निर्माण कार्य जुलाई 2023 से प्रारंभ हुआ।

यह परियोजना पारंपरिक हाइड्रो प्लांट से अलग है। इसमें एक ही पानी को बार-बार री-सर्कुलेट कर बिजली बनाई जाएगी, जिससे पानी की एक भी बूंद व्यर्थ नहीं होगी। परियोजना में दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय पहले से मौजूद गांधीसागर जलाशय है जो चंबल नदी पर जिला मंदसौर में स्थित है और ऊपरी जलाशय ग्रीनको द्वारा नया निर्माण है जो पहाड़ी पर 31 से 35 मीटर ऊंचे बांध से निर्मित किया जा रहा है। दिन में जब सौर ऊर्जा प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होगी, तब बड़े मोटर पंपों से निचले जलाशय का पानी ऊपरी जलाशय में स्टोर किया जाएगा। रात के समय इसी पानी को नीचे बने पावर हाउस की टरबाइन पर गिराकर 1,920 मेगावाट बिजली पैदा की जाएगी। इस प्रक्रिया में गांधीसागर जलाशय के कुल 270.321 टीएमसी पानी में से मात्र 2.4 टीएमसी पानी का पुनःपरिसंचरण होगा, वाष्पीकरण के अलावा पानी का कोई नुकसान नहीं होगा।

परियोजना में कुल 9 रिवर्सिबल फ्रांसिस टरबाइन लगाई जा रही हैं जिनमें 240 मेगावाट की 7 यूनिट और 120 मेगावाट की 2 यूनिट शामिल हैं। परियोजना की चक्र दक्षता लगभग 79.44 प्रतिशत और मशीन उपलब्धता 95 प्रतिशत रहेगी। ऊपरी जलाशय की भंडारण क्षमता 1.90 टीएमसी है और 5,970 मीटर लंबा एस्फाल्ट फेस रॉकफिल बांध बनाया जा रहा है। परियोजना से उत्पादित बिजली के लिए 80 किमी लंबी 420 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन नीमच स्थित पीजीसीआईएल सब-स्टेशन से जोड़ी जाएगी। परियोजना के लिए कुल लगभग 402.50 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है।

ग्रीनको कंपनी के अनुसार परियोजना का 79 प्रतिशत सिविल वर्क और 85 प्रतिशत उपकरण आपूर्ति का कार्य पूरा हो चुका है। तटबंध का 92 प्रतिशत और ऊपरी इंटेक का 98 प्रतिशत कंक्रीट वर्क पूरा हो गया है। पहली दो यूनिट से दिसंबर 2026 और शेष 7 यूनिट से जून 2027 तक उत्पादन शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस परियोजना को मध्यप्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि बताया है।

परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 4,800 लोगों को और निर्माण पूर्ण होने के बाद लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। यह परियोजना 7,000 मेगावाट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड से जोड़ने में सक्षम होगी। इससे नीमच, मंदसौर और आसपास के क्षेत्र की बिजली की आवश्यकता पूरी होगी तथा प्रदेश हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनेगा।