जिला प्रशासन के प्रोत्साहन और स्थानीय किसानों के नवाचार से आगर विकासखंड का ग्राम जमुनिया फूलों की खेती के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को ग्राम जमुनिया पहुंचकर प्रगतिशील कृषक श्री शंकर लाल के खेत का निरीक्षण किया और गेंदे (मेरीगोल्ड) की फसल का जायजा लिया। निरीक्षण के समय खेत में गेंदे के फूलों की तुड़ाई का कार्य प्रगति पर था। चर्चा के दौरान किसान ने बताया कि गांव के कई किसानों द्वारा गेंदे की खेती अपनाने से इस वर्ष क्षेत्र में गेंदे के रकबे और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
किसान ने कलेक्टर डॉ. मीना को अवगत कराया कि नवरात्रि त्यौहार के बाद से लेकर अब तक आवक अधिक होने के कारण बाजार भाव में मंदी थी, लेकिन अब दीपावली के पावन पर्व पर मांग में बड़ा उछाल आया है। वर्तमान में किसानों को 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक का अच्छा बाजार भाव मिल रहा है। जमुनिया एवं आसपास के गांवों में उत्पादित गेंदा केवल स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं है, यहां के फूल जयपुर, इंदौर, उज्जैन और कोटा जैसे बड़े व्यापारिक शहरों एवं महानगरों में बिक्री के लिए भेजे जा रहे हैं, जिससे किसानों को उपज का उचित मूल्य मिल पा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कृषक ने सिंचाई हेतु पानी की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया। इस पर संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कलेक्टर डॉ मीना ने किसानों को जल संरक्षण हेतु ड्रिप सिंचाई (टपक सिंचाई पद्धति) अपनाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर के निर्देश पर उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री अशोक झंकारे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृषक श्री शंकर लाल एवं एक अन्य किसान का मौके पर ही ड्रिप सिंचाई योजनांतर्गत सब्सिडी के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराया तथा उपस्थित किसानों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।






