कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पीएम श्री शासकीय एकीकृत हाई स्कूल बुखारी एवं गोहेडा में बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं अनुभवात्मक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने बताया कि बुखारी विद्यालय में बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अभिनय एवं कला गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा ग्राम भ्रमण कर स्थानीय परिवेश का अवलोकन किया।
इसी प्रकार पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल गोहेड़ा में बेगलेस डे कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी यश जैन ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, खेल भावना एवं व्यावहारिक कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला, मेहंदी, निबंध लेखन, रस्साकशी, कबड्डी, चम्मच दौड़, मिट्टी के खिलौने बनाना, कबाड़ से जुगाड़ तथा फूल-पत्तियों की सजावट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरस्कार वितरण के दौरान विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।







