बड़वानी 4 नवंबर2026/खेल एवं युवा कल्याण विभाग बड़वानी से संबद्ध हॉकी फीडर सेंटर बड़वानी की होनहार खिलाड़ी कुमारी मनप्रीत कौर का चयन देश की सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर,झारखंड के लिए हुआ है। मनप्रीत की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, खेल प्रेमी एवं शहरवासियों में हर्ष की लहर है। हॉकी कोच मुकेश राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि कुमारी मनप्रीत कौर विगत 6 वर्षों से बड़वानी में हॉकी का नियमित अभ्यास कर रही हैं। वर्तमान में वे रायपुर हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित प्रारंभिक ट्रायल के आधार पर उनका चयन नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर में आयोजित फाइनल ट्रायल के लिए हुआ था। इस राष्ट्रीय स्तर के ऑल इंडिया ट्रायल में मनप्रीत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 5वीं रैंक हासिल की और अपने जिले व शहर का नाम गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि मनप्रीत पूर्व में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 3 तथा छत्तीसगढ़ की ओर से 4 राष्ट्रीय (नेशनल) प्रतियोगिताएं खेल चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में उन्होंने 2 स्वर्ण (Gold) और 2 रजत (Silver) पदक हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

कुमारी मनप्रीत कौर की इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ी को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मनप्रीत की इस सफलता पर जिला हॉकी संघ के संरक्षक डॉ. ओ.पी. खंडेलवाल, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री संतरा निनामा, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष अमृतलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष अजय कानूनगो, राजेंद्र भावसार, प्रवीण पांडे, हॉकी फीडर सेंटर कोच रामजय चौहान, समस्त हॉकी खिलाड़ियों एवं बड़वानी के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।