उमरिया -गोपाल कृष्ण पुरस्कार के तहत 28 एवं 29 अक्टूबर को होगा दुधारू देशी गायों की प्रतियोगिता का आयोजनर। जिले में वृंदावन ग्राम योजना के तहत विकासखंड मानपुर के ग्राम डोडका तथा विकासखंड करकेली के ग्राम पठारी का चयन किया गया है। इन दोनों ग्रामों में गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को दुधारू देसी गायों की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में ऐसी देशी नस्ल की गायों को शामिल किया जाएगा, जिनका दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 6 लीटर से अधिक है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देशी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करना तथा पशुपालकों को पशुपालन के प्रति प्रेरित कर उन्हें आर्थिक रूप से लाभान्वित करना है।

योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये’ प्रदान किए जाएंगे। पशुपालन विभाग द्वारा दोनों ग्रामों के पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागिता करें तथा योजना का लाभ उठाएं। यह पहल देशी गायों के संरक्षण, संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।