उमरिया 19 अक्टूबर। जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित प्रसिद्ध जगत जननी माता बिरासनी शक्तिपीठ में ऐतिहासिक जवारा जुलूस धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ निकाला गया। इस दौरान पूरा नगर माता के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। सर्व प्रथम प्रभारी कलेक्टर अभय सिंह ने मां विरासिनी एवं मा काली की विधि विधान से पूजा अर्चना की तत्पश्चात जवारा कलश मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुआ। इस दौरान विधायक मानपुर सुश्री मीना सिंह की विशेष उपस्थिति रही। यह जवारा कलश विभिन्न मार्गो से होते हुए स्थानीय सगरा तालाब पहुंचा, जहां विधि विधान के साथ जवारा कलशों का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पाली की अध्यक्ष शंकुतला प्रधान, एसडीएम पाली मीनांक्षी इंगले, तहसीलदार नीलेश सिंह, नायब तहसीलदार लक्ष्मीकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं श्रध्दालुगण उपस्थित रहे।
प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने माता बिरासनी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकले जवारा जुलूस ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ माता के जवारों के दर्शन किए। जवारा जुलूस और विसर्जन के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान लगभग 5600 जवारा कलशों का नगर भ्रमण कराने के बाद विधि-विधान से विसर्जन किया गया।
माता बिरासनी का यह ऐतिहासिक जवारा जुलूस आस्था, परंपरा और भक्ति का अनूठा संगम रहा। बड़ी संख्या में जवारों का एक साथ नगर भ्रमण और विसर्जन इस आयोजन को विशेष बनाता है। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।



