उज्जैन, 23 अक्टूबर। उज्जैन शहर के ढाचा भवन क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय श्री राहुल (पिता श्री बाबुलाल) युवावस्था में ही किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो गए। इस बीमारी के कारण उनके शरीर में लगातार सूजन बनी रहती थी। इस उम्र में एक स्वस्थ व्यक्ति जो सामान्य कार्य आसानी से कर सकता है, वे राहुल के लिए असंभव हो गए थे। वे अपनी रोजी-रोटी कमाने में भी असमर्थ महसूस करने लगे और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में कठिनाई का सामना करने लगे।परिवार द्वारा उन्हें निजी अस्पताल में दिखाया गया, जहां चिकित्सकों ने किडनी में खराबी बताई और तत्काल डायलेसिस की आवश्यकता बताई। परिवार ने निजी अस्पताल में डायलेसिस शुरू करवाया। जब सप्ताह में दो बार डायलेसिस की जरूरत पड़ने लगी और इसका साप्ताहिक खर्च काफी बढ़ गया, तो पूरा परिवार मानसिक तनाव में आ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ने लगी।इस स्थिति की जानकारी क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता को मिली। स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने राहुल के परिजनों को सलाह दी कि वे उन्हें सिविल अस्पताल, माधवनगर, उज्जैन ले जाएं, जहां आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत पात्रता होने पर निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता की सलाह से प्रेरित होकर राहुल के परिजन उन्हें सिविल अस्पताल, माधवनगर ले गए। वहां उनका पंजीकरण आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत किया गया और वे पात्र पाए गए।वर्तमान में आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत राहुल को सिविल अस्पताल, माधवनगर की डायलेसिस यूनिट में सप्ताह में दो बार निःशुल्क डायलेसिस दी जा रही है। इससे उनके परिवार को पहले की तुलना में काफी राहत मिली है। अब परिवार को डायलेसिस का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ रहा है। परिवार के सदस्य बेहद खुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि राहुल शीघ्र स्वस्थ होकर परिवार की जिम्मेदारियों को निभा सकेंगे।यह मामला आयुष्मान भारत निरामयम योजना की उपयोगिता को रेखांकित करता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता मिल रही है और वे बिना चिंता के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर पा रहे हैं।