प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले के चयनित 73 ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों, समूहों एवं समितियों से मत्स्य पालन संबंधी विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए 25 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

सहायक संचालक मत्स्योद्योग नरसिंहपुर श्रीमती बबीता चौरसिया ने बताया कि अभियान के तहत मोटरसाइकिल विद आइस बॉक्स, मत्स्य पालन के लिए पॉण्ड बॉयोफ्लॉक, बॉयोफ्लॉक आरएएस तथा स्वयं की भूमि पर तालाब निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ केवल जिले के चयनित 73 ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को दिया जाएगा।

योजनांतर्गत व्यक्तिगत हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित इकाई लागत का 90 प्रतिशत तथा समूह एवं समितियों को 100 प्रतिशत अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। इच्छुक पात्र हितग्राही निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने एवं योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया तथा अन्य विस्तृत जानकारी के लिए जिला पंचायत नरसिंहपुर परिसर स्थित सहायक संचालक मत्स्योद्योग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान वर्ष 2028-29 तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य चयनित जनजातीय ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना है।