राजधानी भोपाल में आयोजित रीजनल सरस मेले में इंदौर जिले के विकासखंड इंदौर के ग्राम केलोद हाला के शारदा स्वयं सहायता समूह की मीना दीदी द्वारा निर्मित लेदर टॉय की स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के शुरुआती तीन दिनों में ही स्टॉल से लगभग 10 हजार रुपये की सामग्री का विक्रय हो चुका है। यह उपलब्धि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों को दर्शाती है।
इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आजीविका से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को अपने कौशल के अनुरूप उत्पाद तैयार करने, उन्हें बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रीजनल सरस मेला ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। मीना दीदी द्वारा तैयार किए गए लेदर टॉय जैसे हस्तनिर्मित उत्पादों को इस मंच के माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। इससे न केवल समूह की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर को नई पहचान भी मिल रही है।
शारदा स्वयं सहायता समूह की यह पहल महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।






