मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की योजनाएं युवाओं को अपने नवाचार और उद्यमिता के सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही हैं। शासन की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) भी ऐसे ही युवाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है। योजना से लाभान्वित होकर बुरहानपुर जिले के शाहपुर निवासी हर्षल लांडे ने केला चिप्स निर्माण इकाई स्थापित की है। आज वे अपने उत्पादों को विभिन्न शहरों तक पहुंचाने के साथ 8 से 9 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
सुरक्षित नौकरी से सफल उद्यमी बनने तक का सफर
मुंबई के वेलिंगकर कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद हर्षल लांडे ने लगभग पांच वर्षों तक एक बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में आईटी कंसल्टेंट के रूप में काम किया। उनके पास अच्छी नौकरी, बेहतर वेतन और सुरक्षित करियर था, लेकिन मन में स्वयं का उद्यम शुरू करने की इच्छा लगातार बनी हुई थी। हर्षल कहते हैं, वह किसान परिवार से आते है। बचपन से ही उन्होंने खेती-किसानी, खेतों में होने वाली मेहनत और फसल तैयार होने की खुशी को करीब से देखा है। वे बताते हैं कि नौकरी के दौरान मन में सवाल आता था कि क्या मैं वही कर रहा हूं, जो वास्तव में करना चाहता हूं? इसी विचार के साथ उन्होंने नौकरी छोड़कर उद्यमिता की राह चुनने का निर्णय लिया।
पीएमएफएमई योजना से मिला सपनों को साकार करने का अवसर
अपना उद्यम स्थापित करने के इस सफर में शासन की पीएमएफएमई योजना हितग्राही हर्षल का सहारा बनी। उद्यानिकी विभाग के सहयोग से उन्हें इकाई की स्थापना के लिए योजना अंतर्गत 35 प्रतिशत का अनुदान मिला। उन्होंने ऋण की सहायता से अपनी केला चिप्स निर्माण इकाई स्थापित की। हर्षल बताते है कि अपना उद्यम शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग और सही मार्गदर्शन बहुत जरूरी होता है। पीएमएफएमई योजना से मुझे अपनी यूनिट स्थापित करने में मदद मिली। इस सहायता ने मेरे सपने को हकीकत में बदलने का रास्ता आसान किया।
‘‘Snikks’’ और ‘गोल्ड कॉइन’ ब्रांड से बनाई पहचान
हर्षल कहते है कि उनकी इकाई में तैयार केले के चिप्स ‘‘Snikks’’ और ‘गोल्ड कॉइन’ ब्रांड नाम से बाजार में उपलब्ध हैं। उनके उत्पादों का विक्रय ऑनलाइन और स्थानीय बाजार के माध्यम से किया जाता है। उनके चिप्स गोवा, इंदौर, भोपाल, रायपुर, हैदराबाद, पुणे, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों तक पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए उनकी इकाई में रेगुलर, टोमेटो, पेरी-पेरी, क्रीम एंड ओनियन, सॉल्टेड और पुदीना सहित विभिन्न फ्लेवर के चिप्स तैयार किए जाते हैं।
उत्पाद की विशेषता बताते हुए हर्षल कहते हैं, उनकी यूनिट में केले के चिप्स राइस ब्रान ऑयल में तैयार किए जाते हैं। इससे चिप्स का स्वाद, कुरकुरापन और गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है। हर्षल लांडे की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का सपना देखते हैं। आज के युवा सरकारी योजनाओं का उचित लाभ लेकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने वाले उद्यमी भी बन रहे हैं।






