बैतूल बाजार निवासी कृषक श्री रामकिशोर ओमकार ने पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि की है। उन्होंने गेंदे के फूल और लौकी की खेती से कुल 1.10 लाख रुपये से अधिक की आमदनी अर्जित कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कृषक श्री रामकिशोर ने उद्यानिकी विभाग की सहायता से गेंदे के फूल के बीज प्राप्त कर 40 डिसमिल भूमि पर गेंदे की खेती की। इसके साथ ही उन्होंने लौकी की खेती भी की। उन्होंने बताया कि गेंदे के फूल की खेती से उन्हें लगभग 50 हजार रुपये की आमदनी हुई, जबकि लौकी की खेती से 60 हजार रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई। इस प्रकार दोनों फसलों से उन्हें कुल 1.10 लाख रुपये से अधिक की आमदनी हुई।
कृषक श्री रामकिशोर ने अन्य किसानों से भी अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ उद्यानिकी एवं नकदी फसलों को अपनाएं। इससे किसानों को आय के अतिरिक्त स्रोत प्राप्त हो सकते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। उन्होंने प्रदेश में संचालित किसान हितैषी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।





