मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 प्रतियोगिता में बालाघाट जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसा की छात्राओं ने अपने ज्ञान, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर प्रदेशभर में जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में धार जिले की टीम ने द्वितीय तथा सीधी जिले की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।मध्य प्रदेश में पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने तथा उन्हें प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन संबंधी विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रतिवर्ष पर्यटन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 53 जिलों के 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों, कला, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता का राज्य स्तरीय समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 27 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। जिला स्तर पर चयनित टीमों ने राज्य स्तरीय मुकाबले में अपने-अपने जिलों का प्रतिनिधित्व किया। प्रदेश की 55 टीमों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में बालाघाट की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रदेश की 14 टीमों ने अगले दौर में जगह बनाई, जबकि अंतिम मुकाबले के लिए छह सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया गया।बालाघाट जिले की विजेता टीम में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसा की छात्राएं कु. खुशबू सोनी, पिता स्व. जयकुमार सोनी, कु. महिमा कावरे, पिता श्री बलवन दास कावरे तथा कु. फाल्गुनी मेरावी, पिता श्री अमर सिंह मेरावी शामिल थीं। मार्गदर्शक शिक्षक श्री सौरभ कुमार शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
पुरस्कार वितरण समारोह में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप नि:शुल्क पर्यटन भ्रमण के टूर पैकेज के कूपन एवं मेडल प्रदान किए। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विजेता टीमों के लिए हेलीकॉप्टर से पर्यटन भ्रमण की संभावित योजना के संबंध में भी आश्वासन दिया गया।बालाघाट की इस उपलब्धि को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जनजातीय अंचल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान के बल पर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उनकी सफलता ने सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की क्षमता को उजागर करने के साथ ही ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है।
यह उपलब्धि संयुक्त संचालक, जबलपुर श्री घनश्याम सोनी के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट श्रीमती धनश्री जैन के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई। इस सफलता में जिला पर्यटन काउंसिल के नोडल अधिकारी श्री विकास रघुवंशी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। छात्राओं की सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की यह पहल विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बालाघाट की छात्राओं की यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।






