मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विधायक श्री अजय विश्नोई, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय एवं अन्य अधिकारियों ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नुनसर का निरीक्षण किया।

इस दौरान विधायक श्री अजय विश्नोई ने स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस एवं जननी वाहन की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस और जननी वाहन को यहां पहुंचने में समय लगता है। स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों की उपलब्धता की जांच की। साथ ही डॉग बाइट के उपचार में लगाए जाने वाले टीके की उपलब्धता के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।

नुनसर पुलिस चौकी का किया निरीक्षण -

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विधायक श्री अजय विश्नोई, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय एवं अन्य अधिकारियों ने नुनसर पुलिस चौकी का निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने जानकारी दी कि चौकी के नए भवन का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। विधायक श्री अजय विश्नोई ने चौकी भवन में हो रहे जल रिसाव की समस्या को देखते हुए भवन के ऊपर टीन शेड लगाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पीएम श्री मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुनसर का निरीक्षण -

निरीक्षण के क्रम में शासकीय पीएम श्री मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नुनसर, विकासखंड पाटन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने अधिकारियों को बताया कि विद्यालय भवन कुछ जर्जर स्थिति में है। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्राचार्य एवं शिक्षकों ने बच्‍चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए मेन रोड में स्‍पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। जिस पर उचित कार्यवाही के निर्देश भी दिये गये।

विद्यालय में निरीक्षण के दौरान विधायक श्री अजय विश्नोई, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

ग्राम पंचायत नुनसर में हुआ जनसंवाद -

नुनसर ग्राम पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के साथ ही वहां जन संवाद भी किया गया। इस दौरान विधायक श्री अजय विश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए अच्छी पहल की है। अधिकारियों के दल गठित कर करीब 30-40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। लोगों की शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज कर उनके निराकरण की मॉनिटरिंग की जाएगी।

विधायक श्री विश्नोई ने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद किया जा रहा है। क्षेत्र में सामने आने वाली समस्याओं और शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के विधायक को भी शिकायत भेजी जाएगी और उसके निराकरण की जिम्मेदारी तय होगी। समाधान के बाद इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था 181 हेल्पलाइन की तर्ज पर होगी। जिस तरह 181 पर शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता से बात कर उसके निराकरण की पुष्टि की जाती है, उसी प्रकार इस व्यवस्था में भी शिकायत के वास्तविक समाधान की स्थिति की जानकारी ली जाएगी।

विधायक श्री विश्‍नोई ने क्षेत्र के स्कूलों की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूलों को बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि आसपास के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। स्कूल भवनों में जहां मरम्मत या अन्य कार्यों की जरूरत है, उन्हें अभियान के दौरान चिन्हित कर प्राथमिकता से कराया जाना चाहिए।

श्री विश्नोई ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पटवारियों से संबंधित कार्य, स्कूलों की स्थिति सहित विभिन्न विभागों की जमीनी व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। सरकार यह जानना चाहती है कि कौन-सा काम हो रहा है, कौन-सा लंबित है और लोगों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने जनसंवाद में जन विश्वास, जनसंवाद, उद्यम संवाद और यशस्वी संवाद के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में लोग स्वरोजगार के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं। इनमें पशुपालन, सीएनसी कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवसाय स्थापित करने वाले लोग शामिल हैं। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा और उनके अनुभव अन्य लोगों के साथ साझा किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों से भी संवाद किया जाएगा। इनमें राज्य और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, बेहतर कार्य करने वाले प्रोफेशनल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, किसान तथा कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति करने वाले लोग शामिल हैं। इनके अनुभवों से दूसरे लोग भी प्रेरणा लेकर स्वरोजगार और अपने क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि स्वरोजगार से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ पंचायत और जिले की आर्थिक समृद्धि भी बढ़ती है। शासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ लेकर अधिक से अधिक लोग आत्मनिर्भर बनें।

कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन विश्वास अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों से पहले सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल उन्हें दर्ज करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से संबंधित आवेदन लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रस्तुत करें। इन सेवाओं के लिए लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा निर्धारित है। निर्धारित समय-सीमा में प्रकरण का निराकरण नहीं होने पर संबंधित सक्षम अधिकारी पर प्रति प्रकरण प्रतिदिन 250 रुपए के दंड का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी शिकायतें लोक सेवा केंद्र के माध्यम से दर्ज कराएं। यदि किसी कारण से वहां शिकायत दर्ज नहीं हो पा रही है तो सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शासन की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उनके अनुभव से अन्य लोग भी प्रेरणा ले सकें। संवाद के दौरान कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि स्‍वामित्‍व अधिकार अभिलेख का 17 सितम्‍बर से नि:शुल्‍क रजिस्‍ट्री होगी, अत: इस दिशा में प्रभावी कार्य करना सुनिश्चित करें।

उन्‍होंने आम जन से भी कहा कि वे ड्रोन सर्वे के दौरान जिन लोगों को स्‍वामित्‍व पत्र मिला है वे अपनी रजिस्‍ट्री करायें। इसमें आधार, समग्र आईडी जैसे आवश्‍यक दस्‍तावेज भी लगेंगे। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि राजस्‍व न्‍यायालय के आदेश के बाद अमल की प्रक्रिया में तेजी लायें। उन्‍होंने फार्मर आईडी और आयुष्‍मान कार्ड जैसे अन्‍य बिंदुओं पर भी चर्चा की।

पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्‍याय ने सुरक्षा और कानून व्‍यवस्‍था के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि लोग आपसी सुलाह व मध्‍यस्‍था को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही उन्‍होंने साइबर फ्रॉड से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में आवश्‍यक जानकारी दी।