वारासिवनी विकासखंड अंतर्गत सेवा सहकारी समिति रमरमा में 23 सितंबर को वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों से कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी।इस दौरान वर्तमान में धान की फसल में दिखाई दे रहे कीट एवं व्याधियों के प्रकोप तथा उनके नियंत्रण के संबंध में किसानों से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

उप संचालक कृषि ने किसानों को जैविक एवं रासायनिक दोनों प्रकार के उपचारों की जानकारी देते हुए फसल की स्थिति के अनुसार उचित प्रबंधन अपनाने की सलाह दी।आमसभा में DSR (डायरेक्ट सीडेड राइस) एवं रोपा पद्धति से धान की खेती के बीच तुलनात्मक जानकारी किसानों को दी गई।

किसानों को धान की बोनी में आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक स्टेप सीडर एवं सुपर सीडर मशीनों के माध्यम से बोनी करने की सलाह दी गई। बताया गया कि आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीकों के उपयोग से खेती में श्रम एवं समय की बचत के साथ कृषि कार्यों को अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकता है।

रोग प्रतिरोधक धान किस्मों के बीज सुरक्षित रखने की सलाह

उप संचालक कृषि श्री मालवीय ने किसानों को विभाग द्वारा प्रदाय की जाने वाली धान की रोग प्रतिरोधक किस्मों JR-21, JR-81 एवं JR-206 के बीजों को सुरक्षित रखने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि किसान इन किस्मों की फसल से प्राप्त अच्छे एवं स्वस्थ पौधों के बीज को सुरक्षित रखकर आगामी वर्षों में बीज के रूप में उपयोग कर सकते हैं।उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, फसल में कीट-व्याधि की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उपचार अपनाने का आग्रह किया।

वार्षिक आमसभा के दौरान किसानों ने भी कृषि एवं फसल उत्पादन से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं साझा कीं।