मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने किसान श्री दिलीप सिंह आंजना के खेत पहुंचकर पाली हाउस में की जा रही गुलाब की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन उपस्थित थीं।

किसान श्री दिलीप सिंह आंजना ने बताया कि उद्यानिकी विभाग की एकीकृत बागवानी मिशन योजना के माध्यम से 25 लाख रुपये का ऋण लेकर पाली हाउस में गुलाब की खेती प्रारंभ की। योजना के तहत उन्हें 12 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। गुलाब की खेती स्थापित करने में 12 लाख रुपये की लागत आई, जिस पर 5 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्राप्त हुई।

वर्तमान में पाली हाउस से प्रतिदिन 40 से 50 बंच गुलाब, लगभग 800 गुलाब निकल रहे हैं। इससे प्रतिदिन लगभग 4 से 5 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। किसान द्वारा गुलाब जयपुर भेजे जाते हैं। किसान ने बताया कि 8 लेन सड़क के निर्माण से परिवहन की सुविधा बेहतर हुई है, जिससे गुलाब की खेती को बाजार तक पहुंचाना आसान हुआ है। एक अन्य पाली हाउस में खीरा-ककड़ी की खेती भी की जा रही है।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री कटेसरिया ने मंदसौर-रतलाम हाईवे स्थित श्री सतयुग पशु आहार यूनिट का निरीक्षण किया। यूनिट का संचालन रूपनगर निवासी श्री संदीप राठौर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर 30 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया, जिस पर 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली।

श्री राठौर द्वारा निर्मित पशु आहार रतलाम-मंदसौर सहित आसपास के जिलों तथा राजस्थान में विक्रय किया जा रहा है। यूनिट से प्रतिवर्ष लगभग 5 करोड़ रुपये का टर्नओवर हो रहा है। विगत दो वर्षों से संचालित इस इकाई के माध्यम से लगभग 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने दोनों इकाइयों का निरीक्षण कर किसानों एवं उद्यमियों से उनकी गतिविधियों, उत्पादन, विपणन तथा योजनाओं से प्राप्त सहायता की जानकारी ली।