खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर फसलों के उपार्जन के लिए मुरैना जिले में बाजरा एवं धान के पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितम्बर 2026 से जारी है। जिले में अब तक बाजरा के 1,482 तथा धान के 57 किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए पंजीयन कराया जा चुका है।

शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए बाजरा का समर्थन मूल्य 2,900 रुपये प्रति क्विंटल तथा धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। बाजरा के पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 51 सहकारी समितियों को पंजीयन केन्द्र बनाया गया है। इसके अलावा किसान एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र तथा मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं भी पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए उन्हीं खसरों को मान्य किया जाएगा, जो फार्मर आई.डी. (एग्रीस्टेक) से जुड़े हुए हैं तथा जिनकी गिरदावरी में संबंधित फसल दर्ज है।

कलेक्टर ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि जिन किसानों ने अपने खेतों में बाजरा एवं धान की फसल बोई है, वे समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व अपने निकटतम पंजीयन केन्द्र पर पहुंचकर पंजीयन अवश्य कराएं। पंजीयन के लिए किसान बैंक पासबुक, आधार कार्ड, ऋण-पुस्तिका, समग्र आई.डी. की छायाप्रति एवं मोबाइल नम्बर सहित आवश्यक दस्तावेज और जानकारी साथ लेकर जाएं, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सभी संबंधित पंजीयन केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के किसानों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा शासन के निर्देशानुसार बाजरा एवं धान का पंजीयन सुनिश्चित करें।