29वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल, दतिया के ऑडिटोरियम हॉल में बुधवार को सेवानिवृत्ति विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक एवं सेनानी श्री मयूर खण्डेलवाल तथा विशिष्ट अतिथि उप सेनानी श्री राकेश खाखा और सहायक सेनानी श्री जीतेन्द्र नगाइच उपस्थित रहे।
समारोह में 62 वर्ष की अर्द्धवार्षिकीय आयु सीमा पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए सहायक उप निरीक्षक श्री कोमल सिंह यादव एवं सहायक उप निरीक्षक श्री मुमताज खान को अधिकारियों द्वारा साल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, सेनानी श्री मयूर खण्डेलवाल ने कहा कि कर्मचारी अपना जीवन का महत्वपूर्ण समय शासकीय सेवा को समर्पित करता है। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन की दूसरी पारी शुरू होती है, जिसमें व्यक्ति परिवार और समाज को अधिक समय दे सकता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वयं को व्यस्त रखने, सामाजिक एवं पारिवारिक गतिविधियों से जुड़े रहने तथा अपनी पसंद के कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने परिवारजनों से भी आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय परिवार के लिए समर्पित किया है, अब परिवार की जिम्मेदारी है कि उन्हें खुश और सम्मानित महसूस कराए। सेनानी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वाहिनी आगे भी उनके परिवार की तरह उनके साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षकों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने साथी कर्मचारियों को अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ शासकीय सेवा करने की सीख दी। कार्यक्रम के दौरान 29वीं वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।



